
रायपुर, 12 अगस्त 2026। झीरम नरसंहार को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गृह मंत्री विजय शर्मा के झीरम जाकर शहीदों को नमन करने के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।दीपक बैज ने कहा कि गृह मंत्री जब झीरम जाएं तो शहीदों से माफी मांगें और झीरम नरसंहार के लिए प्रायश्चित करें। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा सरकार ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी थी, जिसके कारण नक्सली हमला हुआ और कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को खो दिया।
बैज ने गृह मंत्री से सवाल किया कि दिसंबर 2023 में सुप्रीम कोर्ट से एसआईटी को झीरम मामले की जांच की अनुमति मिलने के बावजूद अब तक जांच क्यों शुरू नहीं हुई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सरकार के दावों के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले उन नक्सलियों से झीरम मामले में पूछताछ क्यों नहीं की गई, जिनकी इस घटना में कथित संलिप्तता बताई जाती है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर झीरम का सच सामने नहीं आने देने का आरोप लगाते हुए कहा कि झीरम नरसंहार की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में राजनीति के बजाय निष्पक्ष जांच और दोषियों की पहचान जरूरी है।




