
रायपुर में महापौर के विरुद्ध अश्लील टिप्पणी वाला वीडियो बनाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को प्रार्थी अनिल सोनकर ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रायपुर महापौर के विरुद्ध अश्लील गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाया। आरोप है कि इस वीडियो को मिरर छत्तीसगढ़ की एंकर सोमा देवांगन द्वारा आपत्तिजनक शब्दों को हटाए बिना प्रसारित किया गया, जिससे समाज में अशांति फैलाने का प्रयास हुआ।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के साथ अज्ञात आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।इसके बाद आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।गिरफ्तार आरोपी:विजय उर्फ सोनू महेश्वरी, पिता नारायण महेश्वरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी देवपुरी, आमातालाब, दुर्गा मंदिर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर।




