
रायपुर/ राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर चोरी करने वाले नाबालिगों के गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 9 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई की है। वहीं चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी और बर्तन दुकानदार समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को सेक्टर-03 शिवानंद नगर स्थित निर्माणाधीन मकान से बिजली का कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। CCTV फुटेज, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस नाबालिगों के समूह तक पहुंची।
जांच में सामने आया कि ये नाबालिग पहले भी सरस्वती नगर और खमतराई थाना क्षेत्र के 6 अन्य चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं। इनमें AC के कॉपर पाइप चोरी करने और दुकानों के ताले तोड़कर नकदी व सामान चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले गुढ़ियारी के कबाड़ी किशुन भारती के यहां से 19.300 किलो जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया। इसके बाद राजातालाब स्थित बर्तन दुकान से 23.700 किलो कॉपर वायर और AC का कॉपर पाइप बरामद किया गया।इस तरह पुलिस ने करीब 43 किलो कॉपर वायर, जिसकी कीमत लगभग 43 हजार रुपये बताई गई है, सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।




