छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में 16-17 अक्टूबर को सजेगी ‘रायपुर रास’ की महफिल, बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर होंगी मुख्य अतिथि

रायपुर। राजधानी रायपुर में पारंपरिक गरबा और डांडिया का लोकप्रिय आयोजन ‘रायपुर रास’ सीजन-5 आगामी 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और विशेषताओं की जानकारी साझा की।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि ‘रायपुर रास’ के इस सीजन में पारंपरिक गरबा, छत्तीसगढ़ी संस्कृति, आकर्षक पुरस्कार और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन का उद्देश्य गरबा की पारंपरिक पहचान को बनाए रखते हुए स्थानीय संस्कृति को भी बढ़ावा देना है।

गरबा के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक

आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाएगा। गरबा की शुरुआत सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों की धुनों को पारंपरिक गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर की जाएगी। इसके अलावा, परिसर में गढ़कलेवा कॉर्नर भी बनाया जाएगा, जहां आगंतुक चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ अवॉर्ड भी दिया जाएगा। यह पुरस्कार उन प्रतिभागियों को मिलेगा, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और डांस स्टेप्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करेंगे।

पारंपरिक गरबा संगीत और ड्रेस कोड अनिवार्य

समिति के अनुसार, आयोजन में सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के लिए केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। बॉलीवुड गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कार्यक्रम को पारिवारिक और सुरक्षित बनाने के लिए प्रवेश के विशेष नियम भी निर्धारित किए गए हैं। समिति के मुताबिक, कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले पुरुषों यानी स्टैग बॉयज का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

एसी हॉल में गरबा, आकर्षक पुरस्कारों का मौका

अक्टूबर की गर्मी और उमस से राहत देने के लिए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित (एसी) रखा जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों और आगंतुकों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है।

आयोजकों के अनुसार, जैन मोबाइल की ओर से स्क्रैच कूपन दिए जाएंगे, जिनके माध्यम से आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की यात्राएं पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी।

सुरक्षा और चिकित्सा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। परिसर में सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी मौके पर उपलब्ध रहेंगी।

आयोजन समिति के अनुसार, ‘रायपुर रास’ सीजन-5 में परंपरा, संस्कृति, मनोरंजन, ग्लैमर और आकर्षक पुरस्कारों का संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह दो दिवसीय आयोजन रायपुरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।

प्रेसवार्ता में ये रहे उपस्थित

प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा सहित ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button