
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर कोयला, शराब और सट्टा सहित विभिन्न मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यालयों को राजसात करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में प्रदेश के संसाधनों की जमकर लूट हुई और इससे छत्तीसगढ़ की छवि देशभर में धूमिल हुई है।
3,200 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले का मामला उठायागुरुवार को रायपुर स्थित एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संतोष पांडेय ने कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के इस मामले में 20 व्यक्तियों और 22 फर्मों एवं कंपनियों के खिलाफ चालान पेश किया गया है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल सहित कई अन्य लोगों के नामों का भी उल्लेख किया।पांडेय ने आरोप लगाया कि कथित घोटाले में डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन वसूली, बिना आबकारी शुल्क चुकाए शराब तैयार करने और सरकारी दुकानों के माध्यम से उसकी बिक्री जैसे तरीके अपनाए गए। उन्होंने अतिरिक्त खाली बोतलों की आपूर्ति, फर्जी परिवहन परमिट और विदेशी शराब की आपूर्ति में कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए।
हवाला के जरिए रकम भेजने का आरोप भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कथित अवैध कमाई को हवाला और आंगड़िया नेटवर्क के जरिए देश के विभिन्न शहरों तथा दुबई तक भेजा गया। उन्होंने कहा कि अवैध धन को बैंकिंग लेनदेन के माध्यम से अनसिक्योर्ड लोन के रूप में दिखाकर जमीन और अन्य संपत्तियों में निवेश किए जाने की बात भी सामने आई है।उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में रायपुर के सिलतरा स्थित एन.वी. डिस्टिलरी में शराब के कथित अवैध उत्पादन और बिक्री से जुड़े साक्ष्यों का भी उल्लेख किया।कांग्रेस कार्यालयों को राजसात करने की मांगसंतोष पांडेय ने रायपुर स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव भवन’ के निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यालयों को राजसात करने की मांग उठाई।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कथित घोटालों में नाम सामने आए नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की। पांडेय ने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के लिए ‘एटीएम’ की तरह काम कर रहे थे और इस पूरे मामले की व्यापक जांच होनी चाहिए।
संवैधानिक संस्थाओं को ज्ञापन देने की बातभाजपा सांसद ने कहा कि यदि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व आरोपों का सामना कर रहे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है, तो इससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर जनता के विश्वास के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा तथ्यों को एकत्र कर राज्यपाल, चुनाव आयोग और संबंधित संवैधानिक संस्थाओं को ज्ञापन सौंपेगी तथा कार्रवाई की मांग करेगी।पत्रकार वार्ता के दौरान लौह शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।




