
रायपुर। नवरात्रि और त्योहारी सीजन के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गरबा, डांडिया और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, फरार वारंटियों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।पुलिस के अनुसार, साप्ताहिक अभियान के दौरान सात थाना क्षेत्रों में कुल 85 वारंटों पर कार्रवाई की गई। इनमें 44 स्थाई वारंट और 41 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। वहीं, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 126 प्रकरणों में 170 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
सात थाना क्षेत्रों में वारंटियों पर कार्रवाईअभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली में 22, गोलबाजार में 5, मौदहापारा में 8 और गंज में 20 वारंटों के संबंध में कार्रवाई की गई। इसी तरह सिविल लाइन में 10, तेलीबांधा में 16 और देवेंद्र नगर में 4 वारंटों पर कार्रवाई की गई।पुलिस ने गंभीर एवं हिंसक अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों की धरपकड़ पर विशेष ध्यान दिया है। संबंधित थाना प्रभारियों को वारंटों के निष्पादन के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।
170 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाईसेंट्रल जोन पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की। धारा 170 बीएनएसएस के तहत 58 प्रकरणों में 76 व्यक्तियों तथा धारा 126/135(3) बीएनएसएस के तहत 68 प्रकरणों में 94 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 126 प्रकरणों में 170 लोगों पर कार्रवाई हुई।
आर्म्स एक्ट, आबकारी और एनडीपीएस के मामले भी दर्जअभियान के दौरान गोलबाजार थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं, देवेंद्र नगर, गंज और गोलबाजार थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस की निगरानी रहेगी जारीरायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, वारंटियों की धरपकड़ और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर पुलिस की अपील: नागरिक गरबा, डांडिया और अन्य त्योहारी आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता जताई है।




