
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आदतन एवं कुख्यात अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को जिलाबदर किया है। गंभीर और लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर और ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, मारपीट, धमकी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों से जुड़े गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा संबंधित पुलिस उपायुक्तों के प्रतिवेदन, आपराधिक रिकॉर्ड, साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के परीक्षण के बाद जिलाबदर का आदेश जारी किया गया।विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर के खिलाफ वर्ष 2018 से थाना उरला में कुल 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। इनमें नाबालिग से दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार और जुआ जैसे मामले शामिल हैं। उसे रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से 3 माह के लिए निष्कासित किया गया है।

वहीं ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे के खिलाफ वर्ष 2017 से थाना डी.डी. नगर में 11 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, अवैध हथियार रखने और गांजा बिक्री सहित अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। उसे उक्त छह जिलों की राजस्व सीमाओं से 4 माह के लिए जिलाबदर किया गया है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिलाबदर अवधि में दोनों आरोपी सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना इन जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।





