
दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागडुमर के आश्रित ग्राम सेमरिया में बारिश के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी का दर्दनाक चेहरा सामने आ रहा है। गांव में मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए अब तक पक्का मार्ग नहीं बन सका है। ऐसे में किसी ग्रामीण की मौत होने पर परिजनों और ग्रामीणों को शव लेकर कच्चे रास्ते और नाले से होकर मुक्तिधाम तक पहुंचना पड़ता है।
बारिश के दौरान नाले में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कीचड़ और पानी के बीच शव को लेकर ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ता है।ग्राम पंचायत बागडुमर की सरपंच दामिनी साहू ने इस समस्या को लेकर दुर्ग कलेक्टर से शिकायत कर मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग बनाने की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
पंचायत के अनुसार, मुक्तिधाम तक पहुंचने वाले मार्ग पर धरसा रोड से डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण के लिए करीब 20 लाख रुपये की आवश्यकता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बन जाने से बारिश के मौसम में मुक्तिधाम पहुंचने की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अंतिम संस्कार जैसी बुनियादी और जरूरी व्यवस्था को देखते हुए मुक्तिधाम तक जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि किसी परिवार को अपनों के अंतिम संस्कार के लिए इस तरह की परेशानी और जोखिम का सामना न करना पड़े।




