
रायपुर| ओडिशा के कालाहांडी को केंद्र बनाकर आए 4.1 तीव्रता के भूकंप ने बुधवार शाम छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में भारी हलचल पैदा कर दी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक जमीन से 24 किलोमीटर नीचे हुई इस हलचल का असर रात करीब 7:42 बजे देवभोग सहित आसपास के इलाकों में स्पष्ट रूप से देखा गया, जहाँ लगभग 3 सेकंड तक तेज आवाज के साथ धरती कांपी।
इस प्राकृतिक घटना से सीमावर्ती गांवों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए, हालांकि गनीमत रही कि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और तहसीलदार अजय चंद्रवंशी के अनुसार इस मामले को भूगर्भ विशेषज्ञों तक पहुंचाकर गहन अध्ययन कराने की तैयारी की जा रही है ताकि भविष्य के खतरों का आकलन किया जा सके।




