पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर से गिरफ्तार

रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक को गाड़ी में बैठाकर सुनसान गली में ले जाकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में रायपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल को कांकेर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम ने की।पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी शुभम श्रीवास्तव ने थाना सिविल लाईन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त 2026 की रात आरोपी अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास गली में ले गया। वहां अजय ने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया।
बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और शुभम के साथ मारपीट की। इसी दौरान हत्या करने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया गया। चाकू के हमले में उसके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।मामले की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध कायम किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना सिविल लाईन की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी विश्लेषण के जरिए भी आरोपियों का पता लगाया जा रहा था।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर जिले में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल कांकेर रवाना हुई और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर प्रार्थी का दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी बरामद कर जप्त किया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजय रक्सेल वर्ष 2022 में थाना तेलीबांधा और वर्ष 2023 में थाना सिविल लाईन से मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।गिरफ्तार आरोपी:अजय रक्सेल, पिता राज रक्सेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी नवभारत प्रेस, रजबंधा मैदान के पास, मरही माता मंदिर, थाना मौदहापारा, रायपुर।



