
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कोड़ेनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश की 75 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कोड़ेनार थाना क्षेत्र के मावलीभाटा जाहाजगामटा पारा निवासी दुलगो कवासी (45 वर्ष) अपने घर में मध्यप्रदेश की अंग्रेजी शराब अवैध रूप से बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां आरोपी के घर के एक कमरे में शराब रखी मिली।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 75 पेटी में रखी 3,750 नग अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त कीं। शराब की कुल मात्रा 675 लीटर बताई गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,06,250 रुपये है।
मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी कर रही है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोड़ेनार थाना पुलिस की टीम ने की।




