
कोंडागांव। नेशनल हाईवे-30 पर बोरगांव पुल के पास सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर की ओर जा रही रॉयल यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला।घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव पहुंचाया। थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास के मुताबिक, हादसे में घायल सभी लोगों का इलाज जारी है। फिलहाल किसी की हालत ज्यादा गंभीर नहीं बताई जा रही है। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।हादसे के बाद एनएच-30 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।

वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार यात्री बसों को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि हाईवे पर कई यात्री बसें तेज रफ्तार से चलती हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस से यात्री बसों की नियमित जांच, स्पीड की निगरानी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय हादसों को रोकने के लिए पहले से प्रभावी निगरानी जरूरी है।फिलहाल फरसगांव पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





