
बालोद। बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी इलाके में लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि यश सोनकर युवती से प्रेम करता था और उसके किसी अन्य जगह अफेयर व शादी की बात से नाराज था। इसी गुस्से में उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई।पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान हमला करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उस समय दोनों ने घटना को अंजाम नहीं दिया।

इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे, जब युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तब यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पूछताछ में यश सोनकर पर संदेह गहराया और कड़ाई से पूछताछ में उसने कथित तौर पर साजिश का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:1. यश कुमार सोनकर, उम्र 20 वर्ष, बालोद2. करण कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, भैरमगढ़, जिला बीजापुरपुलिस ने महिलाओं और युवतियों से अपील की है कि पीछा करने, धमकी देने या परेशान किए जाने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।




