
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने 2,100 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त टैबलेट की कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने टैबलेट ओडिशा से लाना बताया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डीडी नगर थाना क्षेत्र के महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के पास एक व्यक्ति नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
थैले की तलाशी में मिलीं 2,100 टैबलेटपूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद असजद (30 वर्ष), निवासी डंगनिया, रायपुर के रूप में हुई। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की 2,100 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी टैबलेट रखने और उनकी बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) में मामला दर्ज किया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारीपुलिस अब टैबलेट की आपूर्ति करने वाले स्रोतों और उनके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों की जांच की जा रही है, ताकि तस्करी और बिक्री में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में की गई। पुलिस ने बताया कि रायपुर कमिश्नरेट में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में करीब 7.19 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।




