
रायपुर। थाना तेलीबांधा पुलिस ने शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर धोखाधड़ी किए जाने के मामले में जांच तेज कर दी है। मामले में विवेचना के दौरान कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया है, जो वर्तमान में एक अन्य धोखाधड़ी के प्रकरण में जेल में निरुद्ध है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी विनोद कुमार वर्मा, निवासी रायपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग किया गया। शिकायत के आधार पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 381/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
विवेचना के दौरान गवाह हेमंत साहू, निवासी कसडोल से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, हेमंत साहू से नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लिए गए थे और इसके बदले फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया गया था। पूछताछ में इस मामले में कृष्णा अवस्थी पिता कुंजराम अवस्थी, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रिसदा, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा अवस्थी थाना पलारी के अपराध क्रमांक 347/2026 में भी आरोपी है और वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध है।अब तेलीबांधा पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ और आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय से विधिवत आदेश प्राप्त करेगी। पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्र, संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




