छत्तीसगढ़रायपुर

बलौदाबाजार में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 480 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम मंत्री टंक राम ने खिलाड़ियों को दिया तनावमुक्त होकर खेलने का संदेश, सांसद बृजमोहन ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

बलौदाबाजार। जिले के पंडित चक्रपाणि शुक्ल हाई स्कूल मैदान में शनिवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का आगाज राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के ध्वजारोहण और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा औपचारिक उद्घाटन की घोषणा के साथ हुआ।3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के 480 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही 100 ऑफिशियल्स सहित कुल 580 प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल हैं। खिलाड़ी कुराश, रग्बी और नेटबॉल जैसी खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। वहीं, स्कूली छात्राओं की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जीत आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानने और सुधारने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने खिलाड़ियों से तनावमुक्त, अनुशासित और पूरी खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की।वहीं, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बच्चों को खेलों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गांवों में व्हीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से खेल मैदानों का समतलीकरण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रतियोगिता के अंतर्गत कुराश के मुकाबले नगर भवन में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 14 वर्ष आयु वर्ग की रग्बी प्रतियोगिता सेजेस हिंदी माध्यम स्कूल और 19 वर्ष आयु वर्ग की नेटबॉल स्पर्धा जिला स्टेडियम के लॉन टेनिस मैदान में होगी।कार्यक्रम के दौरान कुराश के राष्ट्रीय खिलाड़ी ने सभी प्रतिभागियों को खेल नियमों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना की परंपरा कायम रखने की शपथ दिलाई।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरपालिका अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

चार दिवसीय इस प्रतियोगिता के जरिए प्रदेश के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ ही आपसी सहयोग, अनुशासन और खेल भावना का संदेश भी देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button