
रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नारी के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन से ही समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, साइबर सुरक्षा, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

13.85 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदीमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं कृषि, वनोपज, लघु उद्योग, सिलाई-कढ़ाई और स्वरोजगार के साथ अब ड्रोन संचालन जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को कौशल, पूंजी, बाजार और तकनीक से जोड़कर उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करा रही है।महतारी वंदन योजना की 31 किस्तें जारीमुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की सहायता दी जा रही है। योजना की अब तक 31 किस्तें महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करने का माध्यम बनी है।
481 महतारी सदनों का निर्माण‘महतारी गौरव वर्ष’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने प्रदेश में 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ पहल के तहत 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
महिला आयोग को गांवों तक पहुंचाने पर जोरमुख्यमंत्री ने महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोग की भूमिका केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आयोग को गांवों, कस्बों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि महिला आयोग पीड़ित और जरूरतमंद महिलाओं के लिए आशा, विश्वास और न्याय का महत्वपूर्ण माध्यम है।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आयोग महिलाओं के सशक्तिकरण और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत उत्सव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से प्रदेश की महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भर और सशक्त बन रही हैं।मुख्यमंत्री का संदेश स्पष्ट रहा—जब बेटी पढ़ती है तो एक पीढ़ी शिक्षित होती है और जब महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार मजबूत होता है। नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के जरिए ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।




