
रायगढ़। 17 अगस्त की रात रायगढ़ के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग की घटना सामने आई। फायरिंग में दुकान की सुरक्षा में तैनात प्राइवेट गार्ड चन्द्रशेखर पटेल पेट में गोली लगने से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायर कर दिया। घायल गार्ड ने पीछे छिपकर अपनी जान बचाई और साथियों के जरिए डायल 112 को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज के साथ मुखबिर तंत्र की भी मदद ले रही है। मामले में जांच जारी है।




