
दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना छावनी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34, कैम्प-1 में एक घर में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। इस दौरान 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार 930 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कुल 5 लाख 16 हजार 930 रुपये की जप्ती की है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए थाना क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की है।




