
रायपुर/ रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर क्षेत्र के तीन अलग-अलग मामलों में कुल 1.15 करोड़ रुपये की ठगी की शिकायत सामने आई थी। आरोपियों ने फर्जी कंपनियां, फर्जी सिम और बैंक खातों का इस्तेमाल कर पीड़ितों से रकम जमा करवाई।
पहले मामले में पलारी थाना क्षेत्र के डागेश चंद्राकर से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 69 लाख रुपये ठगे गए थे। मामले में गुजरात के सूरत से शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों के 20 से अधिक थानों और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज हैं।
दूसरे मामले में भाटापारा सिटी थाना क्षेत्र के मुकेश विश्वकर्मा से 12 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में मध्यप्रदेश के कटनी निवासी अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और साथियों के साथ मिलकर ठगी करता था।
तीसरे मामले में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के वेदप्रकाश बघेल से 34 लाख रुपये की ठगी हुई थी। इस मामले में महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी विक्की राहंगडाले को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, फर्जी कंपनी और सिम के जरिए राजस्थान में फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल कर रकम जमा कराई गई।चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।




