
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर मध्यप्रदेश ले जाकर जबरन विवाह कराने के मामले में रायपुर पुलिस ने 18 माह से फरार चल रहे ईनामी आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी 2025 को नाबालिग बालिका घर से लापता हुई थी। जांच के दौरान उसे दस्तयाब किया गया। पूछताछ में बालिका ने राजेश नामक व्यक्ति द्वारा उसे मध्यप्रदेश के छतरपुर ले जाने और वहां जबरन विवाह कराने की जानकारी दी।मामले में गुढ़ियारी थाने में बीएनएस की धारा 137(2), 64, 143, 144, 61 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने बाबूलाल अहिरवार और सुषमा पटेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि राजेश यादव और उसकी पत्नी लक्ष्मी यादव ने बालिका को एक लाख रुपये में बेचने की बात सामने आई।
घटना के बाद से राजेश यादव और लक्ष्मी यादव लगातार फरार थे। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। रायपुर में दोनों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में राजेश यादव ने अपना नाम राजेंद्र कामडे बताया। पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र ने अपनी पत्नी लक्ष्मी यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. राजेंद्र कामडे, पिता वामनराव कामडे, उम्र 40 वर्ष, ग्राम टेंडवा, थाना लांजी, जिला बालाघाट, मध्यप्रदेश।
2. लक्ष्मी यादव, पति श्याम बिहारी यादव, उम्र 34 वर्ष, ग्राम पेंड्राकापा, थाना कोतवाली, जिला मुंगेली।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




