छत्तीसगढ़

जशपुर में 60 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार पुलिस ने किया खुलासा

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार भी जब्त की है। जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह थाना बागबहार पुलिस को जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक वैन्यू कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर गांधी चौक, बागबहार के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें करीब 60 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 भी जब्त कर ली।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास चौधरी (27 वर्ष) निवासी समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा आरोपी को किससे मिला था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।जप्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये, जबकि वैन्यू कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी रहेगा। पुलिस नशे के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और इस नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव सहित पुलिसकर्मियों और साइबर/टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button