
रायपुर/ रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से विवाद करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने के लिए पुलिस टीम द्वारा समझाइश दी जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि समझाइश के बावजूद आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी देते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 513/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और गवाहों के बयान के आधार पर विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत कार्रवाई की गई है।रायपुर कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता या झूमाझटकी करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




