
रायपुर, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ नेक्स्ट यूथ कॉन्क्लेव’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया और ‘आज की जनधारा साहित्यिक वार्षिकी-2026’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे अपनी बात सीधी, सच्ची और साहस के साथ रखें तथा नई सोच और रचनात्मकता के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति मिलेगी।सीएम साय ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, लोककला, संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से आधुनिकता के साथ अपनी भाषा, बोली और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश दिया कि कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय परिश्रम, धैर्य और संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार पीयूष मिश्रा ने छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की सराहना की और पद्म विभूषण स्वर्गीय तीजन बाई के योगदान को याद किया। उन्होंने कार्यक्रम में अपने चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ की प्रस्तुति भी दी।मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में सम्मानित युवा प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




