शिवरीनारायण को मिली करोड़ों की सौगात, एसटीपी प्लांट की भी घोषणा CM साय ने कहा, राम वनगमन पर्यटन परिपथ से होगा धार्मिक नगरी का विकास

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की धार्मिक नगरी शिवरीनारायण को विकास की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ करते हुए महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए पुल के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही नगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने, राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत विकास कार्य कराने और शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने की दिशा में सर्वे कराने की घोषणा की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण आस्था, भक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। वहीं, एसटीपी प्लांट से गंदे पानी का उचित शोधन होगा तथा महानदी के संरक्षण में मदद मिलेगी।गौपूजन और महानदी की महाआरती में हुए शामिलमहोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री साय ने गौमाता की पूजा-अर्चना की और मां चित्रोत्पला गंगा की महाआरती में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि माता शबरी की पावन धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने शिवरीनारायण की धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का किया उल्लेखमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों से धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्रहण की बढ़ी हुई दर और महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।उन्होंने बताया कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत शिवरीनारायण के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।बस्तर में विकास और सुशासन पर जोरमुख्यमंत्री ने बस्तर में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 421 बंद पड़े स्कूल दोबारा शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में विकास को गति देने के साथ सुशासन और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक रामसुंदर दास, नारायण चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था, संस्कृति और विकास को साथ लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जाएगा।




