
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में छह माह की मासूम बच्ची के साथ कथित रूप से मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के दौरान बच्ची के पिता आशीष कांवरिया ने उसे दो बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। बच्ची को उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे की है। मामले की शिकायत मिलने पर सरस्वती नगर थाने में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई
रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चेतन चंद्राकार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कांवरिया, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, को लगभग एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।फिलहाल मासूम बच्ची का एम्स में उपचार जारी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।




