मध्य प्रदेश
रिफाइंड तेल से भरा टैंकर पलटा, बाल्टी-पतीले लेकर तेल लूटने उमड़ी भीड़

गुना/ मध्यप्रदेश गुना जिले के बीनागंज में रिफाइंड ऑयल से भरा टैंकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर के पलटते ही तेल सड़क और आसपास के हिस्से में बहने लगा। तेल फैलने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बाल्टी, कैन, पतीले और डिब्बे लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल भरने की होड़ मच गई।
मामला चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र की टोड़ी रोड का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही बीनागंज पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को दुर्घटनास्थल से दूर रहने की समझाइश दी। हालांकि, कई लोग पुलिस की अपील के बावजूद तेल भरते रहे।
बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया और यातायात व्यवस्था बहाल की गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने टैंकर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



