Raipur News: देवेंद्र यादव समेत 13 कांग्रेसियों पर FIR, केंद्रीय जेल के सामने सड़क जाम कर की नारे बाजी

रायपुर। बलौदा बाजार में हुए अग्निकांड हिंसा मामले में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद जमानत पर छूटे कांग्रेस से भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ रायपुर पुलिस ने एक और केस दर्ज किया है। गंज थाना के निरीक्षक की शिकायत पर देवेंद्र यादव सहित 13 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की गई है।

आपको बता दे कि शिकायतकर्ता निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह ने बताया, कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर देवेंद्र यादव को केंद्रीय जेल रायपुर से रिहा किया गया। उनकी रिहाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर जमकर नारेबाजी की और मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।

करीब 500-600 कांग्रेस कार्यकर्ता ने सड़क जाम कर और फाफाडीह चौक से कचहरी चौक जाने वाली सड़क को जाम कर दिया, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हुई। आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे एम्बुलेंस और यात्री बसों का आवागमन भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं से आवागमन सुचारू करने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने। देवेंद्र यादव ने भी अपने समर्थकों को सड़क पर ही संबोधित किया। पुलिस ने इस घटना पर 126(2), 3(5) भा.न्या.सं. 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।