छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री की पहल: दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की दी मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। दुर्लभ बीमारी से पीड़ित रिमोन के इलाज पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान परिवार के लिए यह राशि जुटाना मुश्किल था।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा था। मुख्यमंत्री ने उसे गोद में लेकर दुलारा और परिजनों से उसकी बीमारी तथा उपचार के संबंध में जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

‘यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिमोन के माता-पिता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बच्चे के स्वास्थ्य की चिंता करना सरकार की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रिमोन के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और उसके इलाज के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

किसान पिता के लिए बड़ी राहत

सक्ती जिले के डभरा विकासखंड के ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1) नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। उसके पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण बेटे के महंगे उपचार की व्यवस्था करना उनके लिए कठिन हो रहा था।

आर्थिक सहायता स्वीकृत होने के बाद परिवार को रिमोन के उपचार की उम्मीद जगी है। उसके पिता ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।

गीत सुनाकर रिमोन ने जताया आभार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रिमोन ने उन्हें गीत सुनाकर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चे का उत्साह बढ़ाया और उसे खूब पढ़ने, आगे बढ़ने तथा स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। रिमोन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति से उसके परिवार को आर्थिक संबल मिला है और बेहतर उपचार की उम्मीद मजबूत हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button