सांसद खेल महोत्सव: रायपुर में होगा अब तक का सबसे बड़ा आयोजन, 1 लाख से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल बृजमोहन अग्रवाल ने ली उच्च स्तरीय बैठक, समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर। प्रदेश में खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में 21 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन को भव्य, ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सांसद अग्रवाल ने आज उच्च स्तरीय बैठक ली।

बैठक में कलेक्टर गौरव सिंह, एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री विश्वदीप साहू, जिला पंचायत सीईओ श्री बिश्वरंजन, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी जी के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत किया जा रहा है। रायपुर और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक लाख से अधिक प्रतिभागियों को इस महोत्सव से जोड़ा जाएगा। कोई भी इच्छुक प्रतिभागी QR कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकता है।
उन्होंने कहा कि, खेल महोत्सव को कार्निवल का रूपदिया जाएगा।
प्रतियोगिताएं स्कूल स्तर से ब्लॉक, जिला और अंततः राज्य स्तर तक आयोजित होंगी।
8 विकासखंडों में कुल 13 खेलों में मुकाबले होंगे।
इसमें 7 टीम गेम और 6 व्यक्तिगत खेल शामिल होंगे।
प्रतियोगिताएं गर्ल्स और बॉयज, 19 वर्ष से कम एवं 19 वर्ष से अधिक वर्गों में होंगी।
- इस प्रकार कुल 52 वर्गों में प्रतियोगिताएं होंगी।
- निजी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को भी इसमें सम्मिलित किया जाएगा।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि आयोजन के लिए 4-5 संकुल का क्लस्टर बनाकर कार्यक्रम आयोजित होंगे। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रतियोगिताएं 5 से 15 नवम्बर के बीच होंगी। आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
समापन समारोह रायपुर के इंडोर स्टेडियम में होगा, जिसमें केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यह खेल महोत्सव अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उन्हें फिटनेस के महत्व से अवगत कराना और “फिट इंडिया” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना है।