
रायपुर। राजधानी में देर रात ड्यूटी कर रहे एक जोमैटो डिलीवरी बॉय से चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक युवक और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक शामिल है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।वीओ-1यह मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
पीड़ित मुकेश कुमार ध्रुव जोमैटो में डिलीवरी बॉय है। 2 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे वह कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास ऑर्डर डिलीवरी देने पहुंचा था। वहां एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने पहले ऑर्डर लिया और जब भुगतान मांगा गया तो गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पीड़ित का वीवो कंपनी का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के हुलिए और वारदात के तरीके के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान पुलिस को नेहरू नगर निवासी भूपेन्द्र भारती उर्फ आकु और उसके एक नाबालिग साथी के बारे में अहम सुराग मिले, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। जब्त किए गए दूसरे मोबाइल की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी भूपेन्द्र भारती के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। वहीं, विधि के साथ संघर्षरत बालक भी पहले नकबजनी के एक मामले में निरुद्ध रह चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।आउट्रोरात के समय डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है। हालांकि, रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद कर लिया है।




