
रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पुलिस लाइन में शस्त्र एवं पुलिस वाहनों की पूजा पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विधि-विधान से माता शक्ति की आराधना कर हवन-पूजन किया और शस्त्रों एवं वाहनों की पूजा-अर्चना की।
विजयादशमी पर आयोजित शस्त्र पूजा पुलिस बल के शौर्य, पराक्रम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की परंपरा का प्रतीक रही। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने माता की आरती और देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। पूजा के दौरान पारंपरिक रीति के अनुसार हर्ष फायरिंग भी की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले सहित पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया, स्मृतिक राजनाला, डॉ. अर्चना झा, दीपमाला कश्यप और तारकेश्वर पटेल समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल के जवानों तथा आम नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। आयोजन श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।




