
रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट में रविवार को रोजबेस इम्पीरियो दुकान की चौथी मंजिल पर आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन दल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल ने युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर रायपुर एसडीएम नभ सिंह और जिला सेनानी नगर सेना पुष्पराज सिंह सहित संबंधित अधिकारियों ने बचाव दलों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को सुचारू रूप से संचालित कराया।प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग लगने के कारण और संपत्ति को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।





