
भिलाई। उम्दा रोड पर खड़े एक ट्रक में सोमवार, 19 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाने से आसपास आग फैलने की आशंका टल गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MH 28 PB 4349 उम्दा रोड पर खड़ा था। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल वाहन घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया था। ट्रक में दो किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर भी मिला, जिसके मद्देनजर अग्निशमन कर्मियों ने सावधानी बरतते हुए आधुनिक उपकरणों की मदद से आग बुझाई।
आग पर काबू पाने के लिए एक दमकल वाहन के पानी का उपयोग किया गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, ट्रक में कोई सामान नहीं रखा था। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात है।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के निर्देशन में दल प्रभारी धन्नू यादव सहित अग्निशमन कर्मियों ने समय पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम की तत्परता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई।




