
रायपुर ग्रामीण के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पहली कार्रवाई नेवरा के बीएनबी स्कूल के पास हुई, जहां 19 वर्षीय धनराज जोशी उर्फ गोलू धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराते-धमकाते मिला। पुलिस ने उसके कब्जे से चाकू जब्त किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई तिल्दा-खरोरा मुख्य मार्ग पर तुलसी वेलकम-2 के सामने हुई। यहां 19 वर्षीय चन्द्रहास टंडन टीवीएस मोटरसाइकिल पर बैठकर चाकू लहराते हुए दहशत फैलाता पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया।
इसके अलावा पुलिस ने 10 आदतन अपराधियों के खिलाफ बाण्ड ओवर की कार्रवाई की। वहीं विवाद और झगड़े की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए 15 झगड़ालू व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय पैदा करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




