
रायपुर में घुम-घुमकर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले आरोपी और नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों के कब्जे से चोरी की 4 दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को मौदहापारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान बिना नंबर की एक्टिवा में सवार दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक की पहचान 20 वर्षीय कुनाल सोनी निवासी गुढ़ियारी के रूप में हुई, जबकि दूसरा विधि के साथ संघर्षरत बालक पाया गया।दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने एक्टिवा को मौदहापारा क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पूछताछ में मौदहापारा से एक और देवेंद्र नगर क्षेत्र से दो अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात सामने आई।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 3 एक्टिवा और 1 डियो समेत कुल 4 वाहन बरामद किए। चोरी किए गए दो वाहनों के संबंध में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 124/26 और 138/26, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




