दंतेवाड़ा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्टबचेली में 4 प्रतिष्ठानों की जांच, नवाब होटल को नोटिस और एक्सपायरी रागी आटा के 11 पैकेट नष्ट

दंतेवाड़ा। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। 18 नवंबर को बचेली में चार खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आदित्य फास्ट फूड सेंटर एंड डेली नीड्स, न्यू देशी डिलाइट्स रेस्टोरेंट, गांगुली किचन और नवाब होटल का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने, खाद्य पंजीयन प्रमाणपत्र प्रदर्शित करने और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।इसके अलावा कर्मचारियों को ग्लव्स और एप्रन पहनकर काम करने, इस्तेमाल किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच कराने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान नियमों में कमी पाए जाने पर नवाब होटल को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया, जबकि न्यू देशी डिलाइट्स रेस्टोरेंट में मिले रागी आटा के 11 कालातीत पैकेट मौके पर ही नष्ट कराए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।




