
रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछले दो दिनों में शहर के सभी 9 यातायात क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कुल 278 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 37 चालक भी शामिल हैं।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के 9 अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक 127 वाहन चालक नो-पार्किंग में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करते पाए गए। वहीं 37 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले।
इसके अलावा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले 20, गलत नंबर प्लेट वाले 23, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने वाले 34 और ई-रिक्शा व ऑटो में चालक के बगल में सवारी बैठाने वाले 16 चालकों पर कार्रवाई की गई। कारों में ब्लैक फिल्म लगाने वाले 2 तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 वाहन चालकों के भी चालान काटे गए।यातायात पुलिस के मुताबिक इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी न बैठाएं और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करें।




