छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला, सीएम साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह नवा रायपुर में ऐतिहासिक आयोजन से प्रदेश की बेटियों को मिलेगी प्रेरणा, पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला से प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने दोनों टीमों की खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

महिलाओं और बेटियों के लिए निःशुल्क प्रवेशमुख्यमंत्री ने बताया कि श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव ले सकें। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं।

खेल अधोसंरचना और रोजगार को मिलेगा बढ़ावासीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में पहले भी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों तथा आईपीएल मैचों का आयोजन हो चुका है। महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से छत्तीसगढ़ की क्रिकेट जगत में पहचान और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ऐसे बड़े खेल आयोजनों से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता है। साथ ही रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं। राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रमुख स्पोर्ट्स एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना चाहती है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button