
रायपुर/ राजधानी के भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल से छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
बताया जा रहा है कि स्कूल के ही कुछ छात्रों ने कथित तौर पर बाहर से युवकों को बुलाकर एक छात्र के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, मारपीट का वीडियो भी बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर रील के तौर पर वायरल कर दिया गया।

वायरल वीडियो में कथित आरोपी छात्र द्वारा खुद को डॉन बताते हुए धमकी देने की बात भी सामने आ रही है। आरोप है कि उसने अपनी मां के वकील होने और जज से सेटिंग होने जैसी बातें कहकर पीड़ित छात्र को डराया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले की शिकायत स्कूल प्रबंधन से किए जाने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद छात्र इतना भयभीत हुआ कि उसने स्कूल से टीसी लेकर पढ़ाई छोड़ने का फैसला किया।
मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। अब पूरे मामले में पुलिस और स्कूल प्रबंधन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




