
रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राहगीर का रास्ता रोककर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को भी किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक, ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव (40 वर्ष) 29 अगस्त की रात अपने टुफान वाहन क्रमांक CG 04 QR 4710 से धमतरी की ओर जा रहे थे।
रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा, गोबरा नवापारा के पास करीब 9 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।आरोप है कि आरोपियों ने रोहित कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्के से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वाहन में तोड़फोड़ कर करीब 16 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया गया और उनका मोबाइल फोन एवं नगदी रकम लूट ली गई।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर गोबरा नवापारा थाने में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।ये 5 आरोपी गिरफ्तारपुलिस ने मामले में सागर साहू (22), चंदन यादव (19), टीकम साहू (19), मुकेश नगराची (19) और घनश्याम निषाद (19) को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल 4 अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
विवेचना के दौरान आरोपियों से घटना में इस्तेमाल चाकू, डंडा और मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।




