
रायपुर, 8 सितंबर 2026। सड्डू स्थित बंजर पारा बस्ती में प्रस्तावित 60 फीट सड़क निर्माण को लेकर बस्तीवासियों में अपने आशियाने टूटने की आशंका से दहशत का माहौल है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में बस्तीवासी रायपुर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के साथ धरने पर बैठकर विरोध दर्ज कराया।बस्तीवासियों के मुताबिक, बंजर पारा वर्ष 1994-95 में सड्डू ग्राम पंचायत का हिस्सा था। नगर निगम में शामिल होने के बाद यह क्षेत्र वार्ड क्रमांक 09, मोतीलाल नेहरू वार्ड में आया। वर्तमान में यहां करीब 350 परिवार निवास कर रहे हैं।
बस्तीवासियों का दावा है कि वर्ष 1998 में उन्हें राजीव गांधी पट्टा दिया गया था। इसके बाद वर्ष 2021-22 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पट्टा प्रदान कर पक्के मकानों का निर्माण कराया गया। उनका कहना है कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, नाली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही वे लगातार नगर निगम को टैक्स का भुगतान करते आ रहे हैं।

बस्तीवासियों का आरोप है कि सड्डू क्षेत्र के पटवारी द्वारा बस्ती में 60 फीट सड़क निर्माण प्रस्तावित होने की जानकारी दी जा रही है। इससे लोगों को अपने मकान टूटने की चिंता सता रही है।दो घंटे चला प्रदर्शनमंगलवार को बस्तीवासी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और करीब दो घंटे तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम आयुक्त लोकेश्वर साहू एवं संबंधित अधिकारियों को बुलाकर बस्तीवासियों का ज्ञापन सौंपा और उनकी समस्याओं से अवगत कराया।
आकाश तिवारी ने कहा कि जनता को विश्वास में लिए बिना ऐसा विकास कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे लोगों के घर उजड़ने की स्थिति पैदा हो। उन्होंने कहा कि यदि बस्ती का एक भी मकान तोड़ा गया तो कांग्रेस पार्टी बस्तीवासियों के साथ खड़ी होकर इसका विरोध करेगी।महापौर मीनल चौबे ने दिया भरोसाविरोध-प्रदर्शन के बीच रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से चर्चा की और बस्तीवासियों को आश्वस्त किया।
महापौर ने कहा, “आपका मकान नहीं टूटेगा, मैं भी आपके साथ हूं। प्रशासन को बिना वैकल्पिक व्यवस्था और जनता से चर्चा के कोई भी तोड़फोड़ नहीं करने दी जाएगी।”महापौर के इस आश्वासन के बाद बस्तीवासियों ने राहत की सांस ली। अब लोगों की नजर प्रशासन और नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर है।




