छत्तीसगढ़बिलासपुररायपुर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स की शानदार जीत, चक्रधर चैंपियंस ने भी मारी बाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के पांचवें मैच में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से शिकस्त दी। वहीं, चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

न्यायधानी नाइट्स की जीत में चिराग ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए, जबकि सुखवेद निर्मलकर, शादाब अहमद खान और सोनू ने भी एक-एक गोल दागा। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से आशीष तानी पूर्ति ने दो गोल किए, जबकि ओम कुमार यादव ने एक गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और आशीष को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

इससे पहले खेले गए मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराया। चक्रधर चैंपियंस के परमप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर से दो गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। लगातार दूसरी हार के बाद राजधानी रॉयल्स के लिए सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण हो गई है।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन मुकाबले देखने पहुंचे। उन्होंने मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।आगे के मुकाबले: रविवार को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा, जबकि शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button