
रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा व्यवसायी से हुई 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई 53 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, पीड़ित किशोर बलवानी 9 अक्टूबर को अपनी एक्टिवा से दुकान जा रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने संत कंवर राम चौक के पास वाहन खड़ा कर पान खाने के लिए दुकान में प्रवेश किया। वापस लौटने पर एक्टिवा के सामने रखे कपड़े के बैग सहित नकदी गायब मिली।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि आरोपी करीब एक सप्ताह से व्यवसायी की रेकी कर रहे थे। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदलते रहे और पुलिस से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया।पुलिस ने आरोपियों की पहचान मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा के रूप में की।
पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घर में गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखी गई नकदी बरामद की गई।पुलिस ने 53 लाख रुपये नकद के अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही आरोपियों के तीन बैंक खाते फ्रीज कराए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 54 लाख रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा संबंधित अधिकारियों की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।




