
रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नशे के खिलाफ जनजागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने निकली ‘राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली-2026’ रविवार को रायपुर से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित फ्लैग ऑफ सेरेमनी में छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त बाइक रैली टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी रैली की थीम ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ रखी गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना है।

28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेशराष्ट्रव्यापी बाइक रैली 14 अक्टूबर से शुरू हुई है। लगभग 2,245 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद इसका समापन 31 अक्टूबर 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में होगा। रैली को देशभर में चार जोन—उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व—में विभाजित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों की भागीदारी है।मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं।
ओडिशा के भुवनेश्वर से शुरू हुई यह रैली महासमुंद होते हुए 16 अक्टूबर को रायपुर पहुंची थी। यहां मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और कॉलेज के विद्यार्थियों ने रैली का स्वागत किया। 17 अक्टूबर को बाइक रैली में शामिल ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के सदस्यों के सम्मान में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
नशामुक्त भारत के लिए युवाओं से अपीलफ्लैग ऑफ सेरेमनी को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने रैली में शामिल सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए गुजरात में होने वाले समापन समारोह के महत्व को रेखांकित किया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, गुप्तवार्ता अमित कुमार ने नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने रैली के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए संयुक्त टीम को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने और जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बलौदाबाजार, बेमेतरा होते हुए पहुंचेगी कबीरधामरायपुर से रवाना होने के बाद रैली बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचेगी। इसके बाद बाइक रैली मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और जबलपुर, भोपाल तथा इंदौर से गुजरते हुए गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी।इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करना है।




