
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग और धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे हुई थी।
शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।प्रेस क्लब पदाधिकारियों की लिखित शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 351(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले की विस्तृत जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।




