
रायपुर। त्योहारी सीजन में मिलावट और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जबकि अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का निर्माण पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति तीन दिनों के लिए निलंबित कर दी गई।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित KFC से राइस बॉल का नमूना लिया। वहीं न्यू राजेंद्र नगर स्थित अग्रवाल मिठाईवाला से पूजा पेड़ा और डोडा बर्फी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इसके अलावा भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री अन्नपूर्णा एग्रो का निरीक्षण किया गया। यहां बेसन और फरसाण फ्लोर का निर्माण अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जाना पाया गया। विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान की खाद्य अनुज्ञप्ति तीन दिनों के लिए निलंबित कर दी। यहां से फरसाण फ्लोर का नमूना भी लिया गया।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी संग्रहित नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।




