
रायपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायपुर में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्वयं टीम के साथ तेलीबांधा क्षेत्र की तीन मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित एक ढाबे का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
कार्रवाई के दायरे में तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा शामिल हैं। विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजेनिरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाईखाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव और डोमेन्द्र ध्रुव शामिल रहे।विभाग ने बताया कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।




