छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में 1703 पदों पर बंपर भर्ती, कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया नोटिफिकेशन

रायपुर: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1 हजार 703 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी के अंतर्गत इन पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि कर्मचारी चयन मंडल पहली बार इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।

इस भर्ती में सबसे ज्यादा 1 हजार 206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक के 279, पंजीयक लिपिक के 50, उप निरीक्षक-अ के 34, शीघ्रलेखक हिंदी के 30, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, शीघ्रलेखक द्विभाषी के 13 और शीघ्रलेखक अंग्रेजी के 3 पद शामिल हैं।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।

भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।वहीं, परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।

भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button