
रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की बिक्री के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पीड़िता की उम्र और नाम में फर्जी तरीके से बदलाव कर आधार कार्ड तैयार करने वाले आरोपी पिंटू सिंह को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि महिला आरोपी पूनम सागरिया ने पीड़िता की उम्र अधिक दर्शाने और नाम बदलने के लिए उसका आधार कार्ड पिंटू सिंह को दिया था।
आरोप है कि पिंटू सिंह ने मोबाइल ऐप के जरिए आधार कार्ड में नाम और उम्र में बदलाव कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया और उसे पूनम सागरिया को वापस दे दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है।इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि जब्त मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी: पिंटू सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी द्वारिका विहार, शिव मंदिर के पास, दलदल सिवनी, थाना मोवा-पंडरी, रायपुर।





